Lucknow में चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल, 17 जुलाई तक राहत की उम्मीद कम, जानिए कब होगी बारिश
Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ भीषण गर्मी का दौर एक बार फिर लौट आया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबि
Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ भीषण गर्मी का दौर एक बार फिर लौट आया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की रफ्तार धीमी होने की वजह से अगले कुछ दिनों तक चिपचिपी गर्मी बनी रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण अगले दो-तीन दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बहुत कम है। लखनऊ में 14 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन 64% आर्द्रता के कारण यह तापमान और भी ज्यादा महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 17 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचा था, अब कमजोर पड़ गया है। इस वजह से बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी और केवल कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
राहत की बात यह है कि 17 जुलाई के बाद हवाओं का रुख फिर से पुरवा होने की उम्मीद है। इससे मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है और 18 व 19 जुलाई से मौसम में बड़ा बदलाव आने के संकेत हैं। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से भारी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से छुटकारा मिलेगा।