Lucknow में बदला मौसम, तड़के हुई रिमझिम बारिश से गर्मी से मिली राहत, UP के 40 जिलों में अलर्ट
Lucknow: राजधानी लखनऊ में सोमवार तड़के मौसम ने करवट ली और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब 5:10 बजे हुई इस हल्की बारिश और उसके बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार अ
Lucknow: राजधानी लखनऊ में सोमवार तड़के मौसम ने करवट ली और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब 5:10 बजे हुई इस हल्की बारिश और उसके बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने वाली हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। अगले 2 से 4 दिनों में मानसून राज्य में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इसका असर यह होगा कि पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 जून से उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 जून और 1 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 2 जुलाई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश का दौर और बढ़ेगा।
सोमवार के लिए अनुमान है कि दिन में आंशिक रूप से धूप रहेगी और रात में हल्की बारिश की संभावना है। तापमान 29°C से 38°C के बीच रहने का अनुमान है। प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें और वाहन सावधानी से चलाएं।