Lucknow में कमजोर पड़े बादल, बढ़ी उमस और गर्मी; 26 जुलाई से फिर लौटेगी मानसूनी बारिश
Lucknow: राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बादलों के कमजोर होने से अब लोगों को भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत
Lucknow: राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बादलों के कमजोर होने से अब लोगों को भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो गया है, जिसकी वजह से बारिश में कमी आई है।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक गया है। इस कारण 22 से 25 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में गिरावट रहेगी। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान बढ़कर 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गुरुवार को उमस इतनी ज्यादा है कि तापमान 38 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो रहा है, जबकि नमी का स्तर 76-77% के आसपास है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 22 जुलाई से पहले 24 घंटों में लखनऊ में 19.5 मिमी, मलिहाबाद में 32.5 मिमी और अमौसी में 23.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, जिले में अब भी बारिश की कमी है। 1 जून से अब तक लखनऊ जिले में सामान्य तौर पर 243.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 150.2 मिमी ही हुई है, जो कि 38% की कमी है। पूरे उत्तर प्रदेश में मौसमी बारिश में 18% की कमी है, जबकि पूर्वी यूपी में यह कमी 27% तक है।
आने वाले दिनों की बात करें तो 23 से 25 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। गुरुवार को दिन में छिटपुट गरज-चमक के साथ बारिश की 35-55% संभावना है और रात में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई से उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।