Lucknow में उमस की मार से बेहाल हुए लोग, IMD ने जताया 5 जुलाई के बाद अच्छी बारिश का अनुमान
Lucknow: राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 3 जुलाई को शहर के लोगों को दिनभर भारी उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह के समय बादल छाए रहे, लेकिन दिन में बारिश न होने की वजह से गर्मी और चिपचिप
Lucknow: राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 3 जुलाई को शहर के लोगों को दिनभर भारी उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह के समय बादल छाए रहे, लेकिन दिन में बारिश न होने की वजह से गर्मी और चिपचिपाहट काफी बढ़ गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 3 जुलाई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी यानी ह्यूमिडिटी का स्तर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। गौरतलब है कि 2 जुलाई की देर रात और 3 जुलाई की सुबह 3:00 बजे से 5:30 बजे के बीच तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई थी, लेकिन सुबह 6:00 बजे धूप निकलते ही उमस फिर से बढ़ गई।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 3 और 4 जुलाई को मानसून की गतिविधि थोड़ी कमजोर रहेगी, जिससे गर्मी और उमस बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान बारिश का मुख्य असर बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्रों में रहेगा। हालांकि, 5 जुलाई के बाद मानसून फिर से सक्रिय होगा और पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
वहीं India Meteorological Department (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 4-5 दिनों तक मध्य भारत में मानसून सक्रिय रहेगा।
4 जुलाई की सुबह भी लखनऊ में धूप खिली रही और तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन उमस की वजह से यह 44 डिग्री जैसा महसूस हो रहा था। मौसम विभाग ने 4 जुलाई की रात को बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।