Lucknow में भारी बारिश से बदला मौसम, अलीगंज में रिकॉर्ड 78 मिमी बरसात, IMD ने जारी किया अलर्ट
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मानसून की सक्रियता से मौसम का मिजाज बदल गया है। शहर में पिछले कुछ दिनों से जोरदार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मानसून की सक्रियता से मौसम का मिजाज बदल गया है। शहर में पिछले कुछ दिनों से जोरदार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है।
लखनऊ में 6 अगस्त की रात को काफी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में शहर में 78.4 मिमी बारिश हुई, जो इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश मानी जा रही है। खास तौर पर अलीगंज इलाके में एक दिन में रिकॉर्ड 78 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस भारी बरसात की वजह से अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री गिरकर 30.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 अगस्त को उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7, 8 और 9 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 और 10 अगस्त को भी जोरदार बारिश की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 7 अगस्त को लखनऊ में छिटपुट बारिश हो सकती है। दिन के समय बारिश की संभावना 35 प्रतिशत और रात में 55 प्रतिशत तक है। हालांकि, 8 अगस्त शनिवार से बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी होने के संकेत मिल रहे हैं। स्काईमेट वेदर ने भी लखनऊ को जोखिम वाले जिलों में रखा है, जहां आंधी और बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है।