Lucknow में उमस और गर्मी का कहर, तापमान 40 डिग्री पहुंचेगा; IMD ने जारी की लू की चेतावनी

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। बुधवार सुबह से आसमान में हल्के बादल तो दिखे, लेकिन इससे लोगों को कोई राहत नहीं मिली। हवा में नमी बढ़ने की वजह से उमस इतनी ज्यादा है कि 38 डिग्री ताप

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। बुधवार सुबह से आसमान में हल्के बादल तो दिखे, लेकिन इससे लोगों को कोई राहत नहीं मिली। हवा में नमी बढ़ने की वजह से उमस इतनी ज्यादा है कि 38 डिग्री तापमान भी 43 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों में लू (Heatwave) की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 33.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले पांच दिनों तक तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा और बारिश की संभावना न के बराबर है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक तापमान में बढ़ोतरी होगी और पूर्वी यूपी में लू के हालात बने रहेंगे। वहीं, मानसून की रफ्तार धीमी होने की वजह से उत्तर प्रदेश में इसके आने में 5 से 10 दिन की देरी हो सकती है। लखनऊ में मानसून के आने की सामान्य तारीख 23 जून थी, लेकिन अब व्यापक बारिश जुलाई के पहले हफ्ते तक शुरू होने की उम्मीद है।

वर्तमान स्थिति की बात करें तो 24 जून को लखनऊ में धूप खिली रही और बारिश की संभावना 0% रही। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन लखनऊ और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। प्री-मानसून गतिविधियां 28 जून से शुरू हो सकती हैं।