Lucknow में व्यापारियों को सिखाया गया आग बुझाना, लखनऊ व्यापार मंडल ने दिया फायर सेफ्टी का लाइव डेमो
Lucknow: शहर के व्यापारियों को आगजनी जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ व्यापार मंडल ने लाटूश रोड स्थित अपने कार्यालय में एक जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम म
Lucknow: शहर के व्यापारियों को आगजनी जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ व्यापार मंडल ने लाटूश रोड स्थित अपने कार्यालय में एक जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में होटल, रेस्टोरेंट और अलग-अलग दुकानों से जुड़े व्यापारियों ने हिस्सा लिया और सीखा कि आग लगने पर तुरंत क्या करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल और चौक अग्निशमन विभाग के अधिकारी पुष्पेंद्र यादव मौजूद रहे। CFO अंकुश मित्तल ने व्यापारियों को भरोसा दिया कि विभाग सुरक्षा मानकों को पूरा करने में उनकी पूरी मदद करेगा और जरूरी समय भी उपलब्ध कराएगा।
पुष्पेंद्र यादव ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों का लाइव डेमो दिया और आग बुझाने की सही तकनीक का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में किन सावधानियों को बरतना जरूरी है ताकि जान-माल का नुकसान न हो। व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करना हर व्यापारी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच और रखरखाव करने पर जोर दिया। वहीं अनिल विरमानी ने सुझाव दिया कि अगर प्रशासन और व्यापारी संगठन मिलकर काम करेंगे, तो व्यापारिक माहौल और भी सुरक्षित बनेगा। इस मौके पर सुहेल हैदर अली, देवेंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, सतीश अग्रवाल और मुस्तकीम समेत कई व्यापारी उपस्थित थे।