Lucknow के विवेकानंदपुरी में गंदगी का अंबार, सीवर ओवरफ्लो और कूड़ा कलेक्शन को लेकर भड़के लोग

UP/Lucknow: लखनऊ के विवेकानंदपुरी इलाके में लोग गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं. सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस बदहाली की वजह से इलाके

UP/Lucknow: लखनऊ के विवेकानंदपुरी इलाके में लोग गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं. सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस बदहाली की वजह से इलाके में बीमारियां फैल रही हैं, जिससे लोग काफी गुस्से में हैं.

इलाके के लोगों ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली संस्था LSA पर लापरवाही का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं आती हैं, जिसकी वजह से उन्हें निजी कूड़ा उठाने वालों को पैसे देकर सफाई करानी पड़ रही है. नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

समस्या सिर्फ कूड़े तक सीमित नहीं है, सीवर की हालत भी बहुत खराब है. कई जगहों पर सीवर का कनेक्शन सीधे नालियों में कर दिया गया है, जिससे नालियां बजबजा रही हैं. हल्की बारिश होते ही सड़कें तालाब बन जाती हैं और गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है. घोसियान हाता में 15 साल पहले बनी पानी की टंकी अब तक शुरू नहीं हो सकी है, इसलिए लोग निजी सबमर्सिबल पंपों पर निर्भर हैं.

इस मामले में क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि सुनील शंखधर ने कहा कि पार्षद नूपुर शंखधर के तीन साल के कार्यकाल में नाले और सीवर की समस्याओं को ठीक करने की कोशिश की जा रही है. वहीं, पांडेय टोला की एक गली में 10 घरों को जनगणना में शामिल नहीं किए जाने को लेकर भी विवाद है. इलाके के पार्कों की हालत भी खस्ता है और उनकी ठीक से देखभाल नहीं हो रही है.