Lucknow के विभूतिखंड में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 100 से ज्यादा लोग हिरासत में
Lucknow: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में पुलिस ने एक बहुत बड़े साइबर ठगी गिरोह को पकड़ा है। विभूतिखंड की समिट बिल्डिंग में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में 100 से ज्या
Lucknow: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में पुलिस ने एक बहुत बड़े साइबर ठगी गिरोह को पकड़ा है। विभूतिखंड की समिट बिल्डिंग में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें करीब 20 युवतियां भी शामिल हैं।
यह पूरा ऑपरेशन एडीसीपी क्राइम किरन यादव के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस की यह टीम करीब 12 घंटे से ज्यादा समय तक बिल्डिंग के अंदर सर्च अभियान चलाती रही। जांच में पता चला कि यहां बैठे जालसाज देश और विदेश के लोगों को अपना निशाना बना रहे थे। ये लोग विदेशी नागरिकों को बैंकिंग, टेक्निकल सपोर्ट और अमेज़न जैसी ऑनलाइन कंपनियों से रिफंड दिलाने के नाम पर झांसा देते थे और उनसे करोड़ों रुपये ठगते थे।
पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में कंप्यूटर, मोबाइल, सर्वर और अन्य डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। इन सभी उपकरणों की अब फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ठगी की रकम किन बैंक खातों में आई और इसे हवाला के जरिए कहां भेजा गया। आरोपियों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि उन्हें ले जाने के लिए पुलिस को 3 बसें बुलानी पड़ीं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना विदेश में बैठकर इसे ऑपरेट कर रहा था।