Lucknow के आशियाना में बनेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क, ड्रैगन और यूनीकॉर्न जैसे 22 रोबोटिक किरदार होंगे आकर्षण
Lucknow: लखनऊ के आशियाना इलाके में रहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। यहां के वनस्थली पार्क को अब ‘मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क’ के रूप में बदला जा रहा है। इस पार्क को जुरासिक पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएग
Lucknow: लखनऊ के आशियाना इलाके में रहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। यहां के वनस्थली पार्क को अब ‘मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क’ के रूप में बदला जा रहा है। इस पार्क को जुरासिक पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां लोग ड्रैगन और यूनीकॉर्न जैसे अनोखे किरदारों को करीब से देख सकेंगे।
यह प्रोजेक्ट सेक्टर-के, आशियाना स्थित वनस्थली पार्क में तैयार हो रहा है। इस पार्क की खास बात यह है कि यहां कुल 22 किरदार होंगे। इनमें 10 ऐसे रोबोटिक मॉडल होंगे जो लोगों से इंटरैक्ट करेंगे, जैसे कि ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स और ऐरावत। इसके अलावा बेकार सामान से बनाए गए 12 लाइव मॉडल और स्कल्पचर भी लगाए जाएंगे, जिनमें मोगली, जिनी, मरमेड और वेयर वुल्फ जैसे किरदार शामिल होंगे। पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित किरदारों को भी यहां जगह दी गई है।
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर बनाया जा रहा है। पार्क की खूबसूरती बढ़ाने के लिए यहां एक बड़ी वॉटर बॉडी, शानदार फव्वारे, वॉच टॉवर और आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
19 जून 2026 को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का मौका-मुआयना किया और काम की रफ्तार जांची। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सितंबर 2026 तक सारा काम पूरा कर लिया जाए, ताकि नवरात्रि के मौके पर इसे जनता के लिए खोला जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
पार्क के साथ-साथ शहर के अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने ज्योतिबा फुले जोनल पार्क के STP को एक महीने में शुरू करने और गौतम बुद्ध शांति उपवन में ओपन जिम व झूले लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, शहीद पथ पर सिंचाई का काम 30 जून और बागवानी का काम 30 जुलाई तक पूरा करने को कहा गया है। काम में देरी करने वाले ठेकेदारों को चेतावनी दी गई है और गौतम बुद्ध पार्क-1 में धीमी प्रगति के लिए मेसर्स एफईएजी इंजीनियर्स एंड कंस्ट्रक्शन प्रा. लिमिटेड को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है।