Lucknow को तोहफ़ा, अलीगंज में पार्क का होगा सौंदर्यीकरण और फैजुल्लागंज में बनेगा शवदाह मंच
Lucknow: लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शुक्रवार को क्षेत्र में विकास की नई रफ्तार देते हुए कई जरूरी परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन कामों से स्थानीय निवासियों क
Lucknow: लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शुक्रवार को क्षेत्र में विकास की नई रफ्तार देते हुए कई जरूरी परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन कामों से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इलाके का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सबसे पहले अलीगंज स्थित कोठारी बंधु पार्क में दोपहर 12:00 बजे कार्यक्रम की शुरुआत की। इस पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मंजूरी दे दी है। अब यहाँ नए पाथवे, बेंच, लाइट और बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को टहलने के लिए एक सुंदर वातावरण मिल सके।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे विधायक फैजुल्लागंज नयापुरवा गांव के पास स्थित श्मशान स्थल पहुंचे। यहाँ विधायक निधि से एक शवदाह मंच और शेड बनाया जाएगा। इस सुविधा के बनने से स्थानीय लोगों को अंतिम संस्कार के समय होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
इस मौके पर डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रमन निगम, शैलेंद्र मौर्य, रूपाली गुप्ता, रूबी सिंह और पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेयी समेत कई स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।