Lucknow समेत UP के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 से 90 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है और भारी बारिश ने लोगों को राहत के साथ-साथ परेशानी भी दी है। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है और भारी बारिश ने लोगों को राहत के साथ-साथ परेशानी भी दी है। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
लखनऊ में बुधवार दोपहर को 18.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जुलाई की सुबह से 10 जुलाई की सुबह तक के लिए नया अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट और 20 से ज्यादा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले समय में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना है।
तेज हवाओं का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला अगले 5 दिनों तक जारी रह सकता है।
लखनऊ के मौसम की बात करें तो 9 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 71 जिलों में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन इसके बावजूद 1 जून से अब तक उत्तर प्रदेश में कुल बारिश में 40% की कमी दर्ज की गई है। इसमें पूर्वी यूपी में 50% और पश्चिमी यूपी में 20% की कमी है।
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।