Lucknow में कल से शुरू होगा उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026, CM योगी करेंगे उद्घाटन
Lucknow: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आगाज होगा। यह तीन दिवसीय आयोजन 5 जुलाई तक चलेगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश
Lucknow: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आगाज होगा। यह तीन दिवसीय आयोजन 5 जुलाई तक चलेगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आम की खेती करने वाले किसानों और बागवानों को एक बड़ा मंच देना है ताकि वे अपनी मेहनत और बेहतरीन किस्मों को दुनिया के सामने रख सकें।
उत्तर प्रदेश के उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस आयोजन से आम उत्पादकों, निर्यातकों और उद्यमियों के लिए कमाई के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। मंत्री के मुताबिक, यह महोत्सव किसानों और बागवानों को आधुनिक बागवानी तकनीक, मूल्य संवर्धन और निर्यात के नए अवसरों से जोड़ने का एक प्रभावी जरिया बनेगा।
महोत्सव के दौरान आम की कई दुर्लभ और प्रसिद्ध किस्में जैसे दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल और लखनऊ सफेदा प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही, आम से बने अलग-अलग प्रोडक्ट्स और उन्हें सुरक्षित रखने की तकनीकों को भी दिखाया जाएगा। 4 जुलाई को जन भवन में एक ‘बायर-सेलर मीट’ का आयोजन होगा, जिसमें देश और विदेश के खरीदार, निर्यातक और कृषि उद्यमी हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन में पांच अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिनमें आम की प्रजातियां, संरक्षित उत्पाद, व्यंजन और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्श शामिल हैं। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बागवानों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें हापुड़ के किसान हर्ष वर्धन त्यागी को जैविक आम उत्पादन के लिए खास तौर पर सम्मानित किया जाना है। इसके अलावा, किसानों के लिए कार्यशालाएं और तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जहां उन्हें ब्रांडिंग, मार्केटिंग और निर्यात से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी।