Lucknow में कल से शुरू होगा UP आम महोत्सव, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दिखेंगी आम की दुर्लभ किस्में

Lucknow: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आगाज होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आम की बेहतरीन किस्में एक ही छत के नीचे

Lucknow: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आगाज होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आम की बेहतरीन किस्में एक ही छत के नीचे नजर आएंगी। इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा किए जाने की उम्मीद है।

इस आयोजन का मुख्य मकसद उत्तर प्रदेश के मशहूर आमों को देश और दुनिया में पहचान दिलाना है। उद्यान विभाग द्वारा आयोजित इस मेले से राज्य में आम के उत्पादन, प्रोसेसिंग और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बागवानों और किसानों की कमाई बढ़ सकेगी। उद्यान एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री Dinesh Pratap Singh ने बताया कि यह महोत्सव प्रदेश की बागवानी अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देगा और किसानों की उपलब्धियों को दुनिया के सामने लाने का एक बड़ा मंच साबित होगा।

महोत्सव के दौरान आम की कई प्रसिद्ध और दुर्लभ किस्में जैसे दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रतौल और लखनऊ सफेदा प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा, आम से बने अलग-अलग तरह के प्रोसेस्ड उत्पाद और वैल्यू एडिशन की तकनीकें भी दिखाई जाएंगी। 4 जुलाई को लखनऊ के जन भवन में एक इंटरनेशनल बायर-सेलर मीट का आयोजन होगा, जहां आम उत्पादक सीधे विदेशी और घरेलू खरीदारों से बातचीत कर सकेंगे।

इस महोत्सव में किसानों के लिए कई प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं, जिनमें आम की किस्मों, आम से बने व्यंजनों और बेहतरीन डिस्प्ले के लिए इनाम दिए जाएंगे। कन्नौज से करीब 250 किसान और हापुड़ से 20 किसान अपनी खास किस्में लेकर पहुंच रहे हैं। साथ ही, किसानों को आधुनिक खेती, कटाई के बाद के प्रबंधन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के बारे में जरूरी जानकारी दी जाएगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है, जहां करीब 3.27 लाख हेक्टेयर जमीन पर 62 लाख मीट्रिक टन आम पैदा होता है।