Lucknow समेत UP के 31 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले दो दिन तक बदला रहेगा मौसम

Lucknow: राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह से घने बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे शहर और आसपास के इला

Lucknow: राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह से घने बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। इसी कारण 18 जुलाई को लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी हुई और तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आई। रविवार और सोमवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 जुलाई से 21 जुलाई तक पूरे उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और आंधी के प्रति सावधान रहने की सलाह दी है।

लखनऊ के तापमान की बात करें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम था। रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बारिश के इस अलर्ट के बीच केंद्रीय जल आयोग ने भी निगरानी बढ़ा दी है। गौतम बुद्ध नगर जिले में हिंडन नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसे देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश के कुल 31 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें लखनऊ भी शामिल है।