Lucknow समेत UP के 25 जिलों में लू का Yellow Alert, 42 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

Lucknow: राजधानी लखनऊ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 से 24 जून 2026 तक लू चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान तापमान 42 ड

Lucknow: राजधानी लखनऊ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 से 24 जून 2026 तक लू चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका है, जिससे आम जनता को काफी परेशानी हो सकती है।

लखनऊ में सुबह से ही तेज धूप और उमस बनी हुई है। 20 जून को यहाँ का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर से नमी कम आने और शुष्क पश्चिमी हवाओं की वजह से मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है, जिससे गर्मी बढ़ रही है।

मौसम विभाग ने लखनऊ के साथ-साथ उन्नाव, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बहराइच, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, श्रावस्ती, सीतापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर जैसे 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने को कहा गया है।

किसानों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की गई है। कृषि विशेषज्ञों ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी सब्जियों और फलों के बागानों में तुरंत सिंचाई करें। मिट्टी की नमी बचाने के लिए पुआल का इस्तेमाल करें और छोटे पौधों को धूप से बचाने के लिए शेड नेट लगाएं।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसून के प्रवेश में अभी एक सप्ताह का समय लग सकता है और प्री-मानसून बारिश 25 जून के बाद होने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 जून को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश को 24 जून तक इंतजार करना होगा।