Lucknow में आम महोत्सव की धूम, मेरठ की 25 किस्मों ने जीता लोगों का दिल
Lucknow: राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2026 का आयोजन शुरू हुआ है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस आयोजन में देशभर
Lucknow: राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में 3 जुलाई से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2026 का आयोजन शुरू हुआ है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस आयोजन में देशभर से आम की कई वैरायटी आई हैं, जिनमें मेरठ के आमों की मिठास और विविधता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
मेरठ से इस बार 25 अलग-अलग किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें देखने और चखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मेरठ के किसान अमरपाल सिंह समेत कई उत्कृष्ट बागवानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आमों को दुनिया भर में मशहूर करने के लिए उनकी ब्रांडिंग, पैकेजिंग और जैविक प्रमाणन पर खास ध्यान दिया जाएगा।
महोत्सव की जानकारी देते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि यहां 7 श्रेणियों और 56 वर्गों में 800 से ज्यादा आम की प्रजातियां दिखाई जा रही हैं। उत्तर प्रदेश देश में आम उत्पादन में पहले नंबर पर है। राज्य के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 61.96 लाख मीट्रिक टन आम पैदा होता है, जो भारत के कुल उत्पादन का 26.22% है।
आम उत्पादकों की कमाई बढ़ाने के लिए 4 जुलाई को जन भवन में ‘आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन’ भी किया गया। इसका मकसद किसानों को सीधे बड़े खरीदारों और अंतरराष्ट्रीय मार्केट से जोड़ना था। साथ ही, जेवर एयरपोर्ट के पास एक इंटीग्रेटेड टेस्टिंग और ट्रीटमेंट पार्क बनाया जा रहा है ताकि विदेशों में आम भेजना आसान हो सके।
महोत्सव में बच्चों के लिए आम खाने और व्यंजन बनाने की प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। लोगों को आम के पौधे खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया गया और कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की गई। इस साल लखनऊ में हुए एक दुखद अग्निकांड की वजह से महोत्सव में कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।
निर्यात के आंकड़ों की बात करें तो साल 2024-25 में 404 मीट्रिक टन आम का निर्यात हुआ था, जो 2025-26 में बढ़कर 3,563 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। मलिहाबाद के मशहूर दशहरी आम को अब ‘काकोरी ब्रांड’ के रूप में नई पहचान दी गई है।