Lucknow University में बदला लॉ कोर्स का एग्जाम पैटर्न, अब इंटरनल असेसमेंट से मिलेंगे ज्यादा नंबर

Lucknow: लखनऊ यूनिवर्सिटी (LU) ने अपने विधि (Law) पाठ्यक्रमों की परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। अब छात्रों के लिए इंटरनल असेसमेंट यानी आंतरिक मूल्यांकन का महत्व बढ़ गया है, जिससे छात्रों पर पढ़ाई का दबाव कम होगा

Lucknow: लखनऊ यूनिवर्सिटी (LU) ने अपने विधि (Law) पाठ्यक्रमों की परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। अब छात्रों के लिए इंटरनल असेसमेंट यानी आंतरिक मूल्यांकन का महत्व बढ़ गया है, जिससे छात्रों पर पढ़ाई का दबाव कम होगा। यह फैसला बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के नियमों और नई शिक्षा नीति (NEP) के सुझावों को ध्यान में रखकर लिया गया है।

यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि इन सुधारों का मुख्य उद्देश्य छात्रों के अकादमिक तनाव को कम करना है। वहीं कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी के मुताबिक, मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव से नंबर देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता आएगी। यह नया नियम LLB के 3 साल और 5 साल, दोनों कोर्स के छात्रों पर लागू होगा। साथ ही लखनऊ यूनिवर्सिटी से जुड़े सभी कॉलेजों में भी इसी सिस्टम से परीक्षाएं होंगी।

विवरण पुराना पैटर्न नया पैटर्न
इंटरनल असेसमेंट 10 अंक 25 अंक
लिखित परीक्षा (Theory) 90 अंक 75 अंक
मूल्यांकन अनुपात 90:10 75:25
पासिंग क्राइटेरिया थ्योरी और इंटरनल अलग-अलग कुल मिलाकर 40% अंक
अगली क्लास के लिए योग्यता – सभी विषयों में कुल 45% अंक

नियमों के मुताबिक, अब छात्रों को थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट में अलग-अलग पास होने की जरूरत नहीं होगी। अगर किसी छात्र के दोनों को मिलाकर 40% अंक आते हैं, तो उसे पास माना जाएगा। इसके अलावा, LLB 3 साल और 5 साल के कोर्स के पहले सेमेस्टर में किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। यूनिवर्सिटी अब स्टेप मार्किंग और सख्त निगरानी जैसे तरीके भी अपनाएगी ताकि नंबर देने में एकरूपता रहे। साथ ही, अब लॉ कोर्स में भारतीय ज्ञान प्रणाली और नैतिकता (Ethics) से जुड़े विषय भी पढ़ाए जाएंगे।