Lucknow University में कुलपति की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा, टैगोर लाइब्रेरी से शिवाजी पार्क तक गूंजे देशभक्ति के नारे

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक शामिल

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक शामिल हुए। पूरी यात्रा के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा और लोगों में भारी उत्साह देखा गया।

यह तिरंगा यात्रा टैगोर लाइब्रेरी से शुरू होकर शिवाजी पार्क स्थित शिवाजी की प्रतिमा तक पहुंची। इस मौके पर कुलपति के साथ डीन आर्ट्स प्रो. अरविंद मोहन और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अमिता कनौजिया भी मौजूद रहीं। यात्रा में शिक्षकों के अलावा एनएसएस (NSS) और एनसीसी (NCC) के अधिकारियों और कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत यह कार्यक्रम किया गया। यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस साल यह अभियान अपने पांचवें संस्करण में है और ‘वंदे मातरम’ की भावना को समर्पित है, क्योंकि इस दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है।

कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मकसद नागरिकों और राष्ट्रीय ध्वज के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना है। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों और विभागों को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे 9 से 17 अगस्त के बीच अपने घरों और संस्थानों पर तिरंगा फहराएं। साथ ही, harghartiranga.com पोर्टल पर अपनी सेल्फी अपलोड कर भागीदारी प्रमाणपत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं।

अभियान के दौरान ध्वज संहिता (Flag Code of India, 2002) का पालन करना जरूरी है। तिरंगा फटा या गंदा नहीं होना चाहिए और उसे जमीन या पानी से नहीं छूना चाहिए। तिरंगे का आकार आयताकार होना चाहिए और उसकी लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए।