Lucknow में दो युवतियों ने की आत्महत्या, एक नर्सिंग छात्रा और दूसरी विवाहिता; पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का केस

Lucknow: राजधानी लखनऊ में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों ने आत्महत्या कर ली। इनमें से एक बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी और दूसरी एक विवाहिता थी। शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस अब

Lucknow: राजधानी लखनऊ में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों ने आत्महत्या कर ली। इनमें से एक बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी और दूसरी एक विवाहिता थी। शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस अब इन दोनों मामलों की बारीकी से जांच कर रही है।

पहली घटना गोमतीनगर के विभूतिखंड स्थित वास्तुखंड की है। यहां 18 साल की साक्षी यादव ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। साक्षी मूल रूप से आजमगढ़ की रहने वाली थी और लखनऊ में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने चचेरे भाई अंकित के साथ किराए के मकान में रहती थी। जब उसके एक दोस्त ने दरवाजा बंद पाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तब उसने अंकित को बताया। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर साक्षी के शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

दूसरी घटना इंदिरानगर इलाके की है, जहां एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि यह लव मैरिज का मामला था। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इन घटनाओं के बाद लखनऊ प्रशासन और पुलिस अब आत्महत्या रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और पुलिस ने 1090 चौराहा के सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल पुल और समतामूलक चौराहा पुल को संवेदनशील स्थान माना है। इन पुलों पर अब ऊंची सुरक्षा जालियां लगाई जाएंगी और रोशनी का बेहतर इंतजाम किया जाएगा।

डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि इन जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे जिनमें हेल्पलाइन नंबर लिखे होंगे। साथ ही 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां सोशल वर्कर्स और काउंसलिंग टीम की भी तैनाती होगी ताकि मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को तुरंत मदद मिल सके। यह पूरा काम कुछ हफ्तों में पूरा कर लिया जाएगा।