Lucknow में जाम से मिलेगी राहत, स्थाई रूप से बंद होंगे 69 कट; ट्रैफिक व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव
Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोगों को अब शहर के ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए 69 कटों को स्थाई रूप से बंद करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस कदम का मुख्य मकसद सड़कों पर
Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोगों को अब शहर के ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए 69 कटों को स्थाई रूप से बंद करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस कदम का मुख्य मकसद सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को आसान बनाना और जाम की समस्या को खत्म करना है।
यह पूरा मामला प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान ट्रैफिक की समस्या पर उठे सवालों के बाद सामने आया है। जिला स्तरीय कमेटी ने पुलिस के माध्यम से मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के कार्यालय को यह प्रस्ताव भेजा है। अभी तक शहर के कई हिस्सों में लोहे के बैरियर लगाकर अस्थाई तौर पर कट बंद किए गए थे, लेकिन अब इन सभी जगहों पर सीमेंटेड बैरियर लगाए जाएंगे ताकि इन्हें स्थाई रूप से बंद किया जा सके।
प्रशासन ने बताया कि हजरतगंज चौराहा, आईजीपी चौराहा, हनुमान सेतु तिराहा और आईटी चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में अस्थाई बैरियर लगाने से काफी सकारात्मक नतीजे मिले हैं। यहां जाम कम हुआ है और लोग यू-टर्न का इस्तेमाल कर आसानी से अपनी मंजिल तक पहुँच पा रहे हैं। जब सीमेंटेड बैरियर लग जाएंगे, तो पुराने लोहे के बैरियरों का इस्तेमाल शहर के अन्य चिह्नित चौराहों और कटों को बंद करने के लिए किया जाएगा।
जाम से निजात दिलाने के लिए केवल कट बंद करना ही काफी नहीं है, बल्कि बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम चल रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमौसी एयरपोर्ट से कमता चौराहा तक 23 किलोमीटर लंबा फोर लेन एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजा है। NHAI और LDA इस प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) तैयार करने में जुटे हैं, जिससे करीब 10 लाख लोगों को फायदा होगा।
इसके साथ ही लखनऊ नगर निगम (LMC) मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत चार मुख्य चौराहों का कायाकल्प करेगा। इसमें गोल मार्केट चौराहा, कठौता चौराहा, नेशनल पीजी कॉलेज चौराहा और पासी किला चौराहा शामिल हैं। यहाँ सड़कों को चौड़ा किया जाएगा और सौंदर्यीकरण का काम होगा ताकि शहर की सूरत बदले और ट्रैफिक सुगम हो सके।