Lucknow में कल और परसों बदला रहेगा ट्रैफिक, T20 मैच और स्वतंत्रता दिवस को लेकर जारी हुई एडवाइजरी

Lucknow: लखनऊ शहर में शुक्रवार और शनिवार को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। इकाना स्टेडियम में होने वाले टी-20 मैच और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान बदला है। अ

Lucknow: लखनऊ शहर में शुक्रवार और शनिवार को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। इकाना स्टेडियम में होने वाले टी-20 मैच और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान बदला है। अगर आप इन दो दिनों में शहर के भीतर यात्रा करने वाले हैं, तो ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें ताकि जाम या नो-एंट्री की समस्या न हो।

शुक्रवार, 14 अगस्त को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी (इकाना) स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग का मैच शाम 6 बजे से शुरू होगा। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो जाएगा। मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज, प्राइवेट बसों और सभी कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। ई-रिक्शा और ऑटो भी शहीद पथ और उसकी सर्विस लेन पर नहीं चल सकेंगे, हालांकि निजी गाड़ियां और कैब का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

मैच देखने आने वाले लोग अपनी गाड़ियां पलासियो मॉल और एचसीएल मार्ग पर पार्क कर सकते हैं। पलासियो की पार्किंग भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग की व्यवस्था होगी। ध्यान रहे कि अवैध पार्किंग करने पर गाड़ियों को क्रेन से उठाया जाएगा। स्टेडियम में एंट्री मैच शुरू होने के 3 घंटे पहले मिलेगी और दूसरी पारी के बीच तक ही प्रवेश दिया जाएगा।

शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जनभवन और विधानभवन में झंडारोहण के कार्यक्रम होंगे। इस वजह से सुबह 6 बजे से ही कई रास्तों पर नो-एंट्री रहेगी। समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहा, गोल्फ क्लब और कैंट की तरफ सामान्य ट्रैफिक नहीं जा सकेगा। इसी तरह लालबत्ती चौराहे से बंदरियाबाग और प्रेरणा केंद्र की ओर जाने वाले रास्तों पर भी प्रतिबंध रहेगा।

प्रतिबंधित मार्ग/क्षेत्र वैकल्पिक रास्ता/नियम
शहीद पथ (14 अगस्त) केवल निजी वाहन और टैक्सी मान्य; बसें और ऑटो प्रतिबंधित
अहिमामऊ चौराहा 500 मीटर के दायरे में सवारी उतारना या बैठाना मना है
बंदरियाबाग चौराहा (15 अगस्त) जनभवन और हजरतगंज की ओर जाना प्रतिबंधित
लालबत्ती चौराहा (15 अगस्त) बंदरियाबाग और प्रेरणा केंद्र की ओर नो-एंट्री
सुभाष चौराहा (15 अगस्त) हजरतगंज जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का उपयोग करें
सिकन्दरबाग चौराहा (15 अगस्त) सहारागंज या दैनिक जागरण चौराहा होकर जाएं

पुलिस ने साफ किया है कि एम्बुलेंस, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों जैसे आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन में छूट दी जाएगी। किसी भी ट्रैफिक संबंधी समस्या या जानकारी के लिए लोग कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।