Lucknow में जाम से मिलेगी राहत, शहर के 69 कट होंगे स्थायी रूप से बंद

Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोगों को अब सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम से छुटकारा मिल सकता है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिसके तहत शहर के 69 कटों को स्थायी रूप से बंद करने का प

Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोगों को अब सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम से छुटकारा मिल सकता है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिसके तहत शहर के 69 कटों को स्थायी रूप से बंद करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य आवागमन को आसान बनाना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।

लखनऊ पुलिस और यातायात पुलिस ने इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के कार्यालय को भेज दिया है। दरअसल, प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक में शहर के ट्रैफिक की समस्या पर सवाल उठे थे, जिसके बाद प्रशासन ने सुधार के प्रयासों में तेजी लाई है। पहले कुछ जगहों पर लोहे के बैरियर लगाकर अस्थायी रूप से कट बंद किए गए थे, जिससे हजरतगंज, आईजीपी चौराहा, हनुमान सेतु तिराहा और आईटी चौराहा जैसे इलाकों में जाम की समस्या कम हुई। इस सफलता को देखते हुए अब इन व्यवस्थाओं को स्थायी करने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन अब चिन्हित किए गए सभी 69 स्थानों पर लोहे के बैरियर की जगह सीमेंट के स्थायी बैरियर लगाएगा। जब ये स्थायी बैरियर लग जाएंगे, तब वहां से लोहे के बैरियर हटा लिए जाएंगे। इन हटाए गए बैरियरों का इस्तेमाल शहर के अन्य चौराहों और तिराहों पर किया जाएगा, जिनके लिए अभी नए स्थानों की पहचान की जा रही है।

प्रशासन ने उन प्रमुख जगहों की लिस्ट तैयार की है जहां स्थायी बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें विभूतिखंड क्षेत्र, कमता ब्रिज के नीचे (पॉलीटेक्निक रास्ता), कमता तिराहा, चिनहट चौराहा (ब्रिज के नीचे), मटियारी चौराहा (ब्रिज के नीचे), टखावा तिराहा, किसान बाजार यू-टर्न (सिनेपॉल मॉल के सामने) और विजयपुरी अंडरपास जैसे इलाके शामिल हैं।