Lucknow में व्यापारियों ने सरोजनी नगर थाने में सौंपा ज्ञापन, मुकदमों को वापस लेने और सुरक्षा की मांग
Lucknow: राजधानी के सरोजनी नगर इलाके में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक दल ने सरोजनी
Lucknow: राजधानी के सरोजनी नगर इलाके में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक दल ने सरोजनी नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राज देव राम प्रजापति से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने इलाके में कानून व्यवस्था और दर्ज मुकदमों को लेकर अपनी नाराजगी जताई है।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं जिससे दुकानदारों में डर का माहौल है। ज्ञापन में मांग की गई है कि चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जाए और जो एफआईआर (FIR) लंबे समय से लंबित हैं, उनका जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही एयरपोर्ट क्षेत्र के व्यापारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी पुरजोर मांग की गई है।
थाना प्रभारी राज देव राम प्रजापति ने व्यापारियों की बातों को ध्यान से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाएगा। हालांकि, व्यापार मंडल ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे चुप नहीं बैठेंगे।
संगठन ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का समाधान न होने पर बुधवार को व्यापारी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद गुरुवार को उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक करेगा और आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान प्रदेश महामंत्री दिलीप द्विवेदी, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र हजेला, एयरपोर्ट उपाध्यक्ष राजेश दुबे और कई पीड़ित व्यापारी मौजूद रहे।