Lucknow में चोरों का आतंक, पंचायत सहायक समेत 3 घरों से लाखों के जेवर और कैश पार
Lucknow: राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया है। शहर के तीन घरों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है
Lucknow: राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया है। शहर के तीन घरों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
पहली घटना काकोरी के शाहपुर इलाके की है, जहां पंचायत सहायक पुष्पेंद्र पाल के घर रविवार रात चोर घुसे। चोरों ने घर से करीब 2.50 लाख रुपये के जेवर और 18,000 रुपये नकद चुरा लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोर सामान के बक्से उठाकर पड़ोसी के एक बंद मकान में ले गए और वहां ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
वहीं चिनहट के कमता इलाके में सैयद आफताब अब्बास के घर पर भी चोरों ने हाथ साफ किया। आफताब 25 जुलाई को परिवार के साथ अमेठी के जायस गए हुए थे। जब वे 26 जुलाई को वापस लौटे, तब उन्हें पता चला कि घर से 3.28 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 65,000 रुपये नकद गायब हैं।
तीसरी वारदात राजाजीपुरम के तालकटोरा इलाके में हुई। यहां किशन सिंह भदौरिया के घर से तब चोरी हुई जब वे परिवार के साथ बाहर गए थे। चोरों ने उनके घर से पांच सोने की अंगूठियां और 5,000 रुपये नकद चुरा लिए।
इन सभी मामलों में पीड़ितों ने संबंधित थानों में FIR दर्ज करा दी है। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र और इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने भी पुष्टि की है कि आरोपियों की तलाश जारी है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाया जा रहा है।