Lucknow में जज की कार को थार ने मारी टक्कर, रोकने पर सिपाही को रौंदने की कोशिश
Lucknow: राजधानी के लोहिया चौराहे पर एक तेज रफ्तार थार एसयूवी ने बाराबंकी के अपर प्रधान न्यायाधीश की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर तैनात ट्रैफिक सिपाही को भी कुचलने का प्रयास किया और व
Lucknow: राजधानी के लोहिया चौराहे पर एक तेज रफ्तार थार एसयूवी ने बाराबंकी के अपर प्रधान न्यायाधीश की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर तैनात ट्रैफिक सिपाही को भी कुचलने का प्रयास किया और वहां से फरार हो गया। घटना के समय जज के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
यह मामला 10 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:45 बजे का है। बाराबंकी के अपर प्रधान न्यायाधीश श्रीकृष्ण कुमार अपनी मारुति अर्टिगा कार से जा रहे थे। लोहिया चौराहे पर लाल बत्ती होने की वजह से जब उनकी कार रुकी, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार में न्यायाधीश के अलावा उनकी पत्नी और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें इस टक्कर से झटका लगा और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद जब चौराहे पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही ने थार चालक को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने सिपाही को रौंदने का प्रयास किया और गाड़ी भगा ले गया। भागते समय सिपाही ने फुर्ती दिखाते हुए थार की पीछे की एक फोटो खींच ली, जिससे गाड़ी के नंबर की पहचान हो सके।
जज के चालक संतोष गुप्ता ने इस मामले में गोमतीनगर पुलिस स्टेशन में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सिपाही द्वारा ली गई फोटो की मदद से आरोपी थार चालक की तलाश कर रही है। फोटो में दिख रहे नंबर के आधार पर गाड़ी को ट्रेस करने की कोशिश जारी है।