Lucknow में TGT परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बैठाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 15 लाख में हुआ था सौदा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में TGT परीक्षा में धांधली करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हुसैनगंज पुलिस ने इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड ऋषिकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने असली उम्मीदवार की जगह फर्जी परीक्षार्
Lucknow: राजधानी लखनऊ में TGT परीक्षा में धांधली करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हुसैनगंज पुलिस ने इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड ऋषिकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने असली उम्मीदवार की जगह फर्जी परीक्षार्थी बैठाने के लिए 15 लाख रुपये की डील की थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मास्टरमाइंड ऋषिकेश सिंह (38 वर्ष) सुल्तानपुर के अखंड नगर का रहने वाला है। उसे 26 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया। इस मामले में फर्जी परीक्षार्थी राजेश प्रताप सिंह को पुलिस पहले ही 3 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर चुकी थी। राजेश को चारबाग के बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज सेंटर से पकड़ा गया था, जहाँ वह विजय प्रताप सिंह बनकर परीक्षा दे रहा था।
जांच में सामने आया कि परीक्षा दिलाने के लिए 15 लाख रुपये तय हुए थे, जिसमें से 7 लाख रुपये बैंक खाते के जरिए फर्जी परीक्षार्थी को भेजे गए थे। गिरोह ने इस काम के लिए फर्जी आधार कार्ड और अन्य जाली कागजात तैयार किए थे। घटना वाले दिन जब फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया, तब मास्टरमाइंड ऋषिकेश सिंह अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
हुसैनगंज थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि बैंक ट्रांजेक्शन, CCTV फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर ऋषिकेश की पहचान की गई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) ऑर्डिनेंस-2024 की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया है और अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।