Lucknow में इयरफोन लगाकर बाइक चला रहे किशोर की मौत, बरकताबाद पुल के पास हुआ हादसा
Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां बरकताबाद पुल के पास बाइक चला रहे एक किशोर की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब किशोर ने कान में इयरफोन लगा रखे थे और वह तेज रफ्तार में बाइक चला रहा थ
Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां बरकताबाद पुल के पास बाइक चला रहे एक किशोर की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब किशोर ने कान में इयरफोन लगा रखे थे और वह तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था।
जानकारी के मुताबिक, ईंटगांव का रहने वाला मथनी अपनी मौसी अंजू के साथ खुर्रमपुर से घर लौट रहा था। जब वह बरकताबाद पुल के पास पहुंचा, तो तेज रफ्तार की वजह से बाइक का स्टैंड सड़क से टकरा गया। इस वजह से बाइक अनियंत्रित हो गई और मथनी सिर के बल सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।
ट्रैफिक नियमों की बात करें तो वाहन चलाते समय इयरफोन या ब्लूटूथ का इस्तेमाल करना खतरनाक और नियमों के खिलाफ है। इससे ड्राइवर को सड़क पर दूसरे वाहनों के हॉर्न या सायरन की आवाज सुनाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में ध्यान भटकने पर चालान का प्रावधान है।
नियमों के अनुसार ड्राइविंग के दौरान मोबाइल या ब्लूटूथ डिवाइस इस्तेमाल करने पर 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। कुछ शहरों में इस नियम को बहुत सख्ती से लागू किया जा रहा है और लापरवाही बरतने पर ड्राइविंग लाइसेंस को तीन महीने के लिए निलंबित भी किया जा सकता है।