Lucknow में कोचिंग हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरा छात्र, मौत; हाथरस के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
Lucknow: राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में स्थित Target Defence Academy के हॉस्टल में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहाँ NDA की तैयारी कर रहे हाथरस के 16 वर्षीय छात्र रोहित शर्मा की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में पांचवीं
Lucknow: राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में स्थित Target Defence Academy के हॉस्टल में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहाँ NDA की तैयारी कर रहे हाथरस के 16 वर्षीय छात्र रोहित शर्मा की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। छात्र का शव उसके गृह जनपद हाथरस ले जाया गया, जहाँ शनिवार सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया।
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। रोहित को तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रोहित हाथरस के मुल्तान गेट का रहने वाला था और उसके पिता हरीश शर्मा कासगंज के विकास भवन में सहायक लेखा अधिकारी हैं। परिवार के लिए यह सदमा और भी बड़ा है क्योंकि 1 जुलाई को रोहित का जन्मदिन था।
रोहित के पिता ने कोचिंग संस्थान के संचालकों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था और वहाँ न तो कोई बाउंड्री वॉल थी और न ही रेलिंग। पिता ने सवाल उठाया है कि रोहित, जो पहली मंजिल पर रहता था, वह पांचवीं मंजिल पर गया क्यों और कैसे। उन्होंने यह भी बताया कि घटना स्थल पर रोहित की चप्पलें नहीं मिलीं और उसका मोबाइल फोन उसके कमरे में ही था।
परिजनों का आरोप है कि गिरने के बाद रोहित काफी देर तक जमीन पर पड़ा रहा, लेकिन हॉस्टल स्टाफ का कोई भी सदस्य तुरंत मौके पर नहीं पहुँचा। इसकी जानकारी साथी छात्रों ने दी, जिसके बाद प्रबंधन को पता चला। सीसीटीवी फुटेज में रोहित के नीचे गिरने का दृश्य तो दिख रहा है, लेकिन वह ऊपर पांचवीं मंजिल तक कैसे पहुँचा, इसका कोई फुटेज नहीं मिला है।
बंथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर मामले की जाँच की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जाँच में छात्र के तीसरी मंजिल से गिरने की बात सामने आई है, जबकि परिवार का दावा है कि वह पांचवीं मंजिल से गिरा था। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जाँच कर रही है।