Lucknow में घर पर पथराव और फायरिंग, मां-बहन घायल; पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक घर को निशाना बनाकर पथराव और फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले में परिवार की दो महिलाएं घायल हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लि
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक घर को निशाना बनाकर पथराव और फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले में परिवार की दो महिलाएं घायल हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने मौके से हथियार और गाड़ियां भी बरामद की हैं।
यह पूरा मामला बरोना गांव का है, जहां विवेक सिंह के घर पर हमला हुआ। आरोपियों ने घर पर पथराव किया और तीन से चार राउंड फायरिंग की, जिसमें विवेक सिंह की मां हेमलता और बहन आंचल घायल हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव था। पुलिस के मुताबिक, इस हमले की मुख्य वजह ईंट भट्ठे पर अवैध मिट्टी खनन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अभिषेक शर्मा (पुक्की शर्मा) और दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 9mm के तीन खाली खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई दो चार पहिया गाड़ियां जब्त की हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी फायरिंग के बाद गाड़ियों में सवार होकर भागते दिख रहे हैं।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और एसएचओ राजीव रंजन उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम अब उन अन्य लोगों की तलाश कर रही है जो इस हमले में शामिल थे और फिलहाल फरार हैं। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 380/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।