Lucknow में ईंट भट्ठे के विवाद में फायरिंग और पथराव, 2 आरोपी हिरासत में
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मिट्टी की खुदाई को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मंगलवार सुबह बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर फायरिंग और पथराव किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित का
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मिट्टी की खुदाई को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मंगलवार सुबह बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर फायरिंग और पथराव किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया है।
यह पूरी घटना 16 जून की सुबह करीब 5 बजे बरौना गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित विवेक सिंह और आरोपी अभिषेक शर्मा उर्फ पुक्की शर्मा व दुर्गेश के बीच ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी की सप्लाई को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में अभिषेक और दुर्गेश अपने साथियों के साथ चार गाड़ियों में सवार होकर विवेक सिंह के घर पहुंचे और वहां कई राउंड फायरिंग की। साथ ही घर पर पथराव भी किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में विवेक सिंह के परिवार की तरफ से भी हवाई फायरिंग की गई, जिसकी पुलिस अब जांच कर रही है। वारदात के बाद आरोपी धमकी देते हुए गाड़ियों से फरार हो गए थे। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी कार से भागते दिख रहे हैं।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अभिषेक शर्मा और दुर्गेश को हिरासत में ले लिया है और घटना में इस्तेमाल एक कार भी बरामद कर ली है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।