Lucknow में बार में बवाल, डीजे कंसोल पर चढ़ने से रोकने पर बाउंसर को मारी गोली, 3 गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित जन्नत बार एंड रेस्तरां में शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। शराब के नशे में धुत एक युवक ने डीजे कंसोल पर चढ़ने की कोशिश की और मना करने पर वहां तैनात बाउंसर पर गोली च
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित जन्नत बार एंड रेस्तरां में शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। शराब के नशे में धुत एक युवक ने डीजे कंसोल पर चढ़ने की कोशिश की और मना करने पर वहां तैनात बाउंसर पर गोली चला दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 12 और 13 जून की दरमियानी रात की है। वहां डब्बू सिंह नाम के व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान मोहनलालगंज के सिसेंडी निवासी सौरभ सिंह चौहान ने विवाद किया और बाउंसर दिलीप कुमार पर गोली चला दी। दिलीप कुमार कानपुर देहात के रूरा के रहने वाले हैं, उन्हें गोली लगी जरूर लेकिन वे गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान एक विधायक का भाई है और फिलहाल वह फरार है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोगों में बिजनौर के कासिमखेड़ा निवासी अमन यादव (20 वर्ष) और सुधांशु यादव (21 वर्ष) के साथ सरोजिनीनगर के मीरानपुर पिनवट निवासी विनायक यादव (22 वर्ष) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों छात्र हैं।
पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक महिंद्रा XUV300 गाड़ी (UP32NR3546) को जब्त कर लिया है। मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान ने अपनी काली स्कॉर्पियो (UP32QK6865) से फायरिंग की थी।
बाउंसर दिलीप कुमार की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं जैसे 191(2), 352, 315(2), 109(1), 351(3) और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय और एसीपी गोसाईगंज की टीम सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस की टीमें फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।