Lucknow में सुभासपा कार्यालय में पिस्टल तानकर धमकी, कैबिनेट मंत्री राजभर के बेटे को निशाना बनाने का आरोप
Lucknow: राजधानी के हजरतगंज इलाके में स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के दफ्तर में पिस्टल तानकर धमकी देने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के ब
Lucknow: राजधानी के हजरतगंज इलाके में स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के दफ्तर में पिस्टल तानकर धमकी देने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर को निशाना बनाने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
जानकारी के मुताबिक, कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी के पास एक अनजान नंबर से फोन आया था, जिसके बाद राशिद अली नाम का व्यक्ति ऑफिस पहुंचा। आरोप है कि राशिद अली ने वहां पहुंचते ही डॉ. अरविंद राजभर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गालियां दीं। जब कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर पिस्टल तान दी और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
इस मामले में पीड़ित धर्म प्रकाश चौधरी ने हजरतगंज थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि घटना के वक्त वह दफ्तर में मौजूद नहीं थे, लेकिन आरोपी उनका नाम लेकर जान से मारने की धमकी देकर गया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से इस तरह की राजनीतिक हिंसा पर अपना स्टैंड साफ करने को कहा है।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस पूरी घटना की कड़ी निंदा की है। राजभर का सीधा आरोप है कि हमलावर समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हिंसा और गाली-गलौज के लिए कोई जगह नहीं है। राजभर ने साफ किया कि उनके कार्यकर्ता ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और इस मामले में कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।