Lucknow में कार के अंदर मिला दारोगा का शव, संदिग्ध हालत में बुद्धेश्वर-मोहन रोड पर मिली सेंट्रो

Lucknow: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात एक उप-निरीक्षक (Sub Inspector) का शव शुक्रवार को उनकी कार के अंदर मिला। 34 वर्षीय दारोगा अजय कुमार का शव बुद्धेश्वर-मोहन रोड पर अर्श अस्पताल के सामने खड़ी सेंट्रो कार में बरामद हुआ

Lucknow: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात एक उप-निरीक्षक (Sub Inspector) का शव शुक्रवार को उनकी कार के अंदर मिला। 34 वर्षीय दारोगा अजय कुमार का शव बुद्धेश्वर-मोहन रोड पर अर्श अस्पताल के सामने खड़ी सेंट्रो कार में बरामद हुआ। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि उनकी मौत कैसे हुई।

अजय कुमार 2020 बैच के अधिकारी थे और गाजीपुर थाने की सर्वोदय नगर चौकी में तैनात थे। वह मूल रूप से हापुड़ जिले के रहने वाले थे और लखनऊ के पारा इलाके में किराए के मकान में रहते थे। बताया गया कि वह गुरुवार दोपहर से ही अपने साथियों और थाने के स्टाफ के संपर्क से बाहर थे। उनकी कार गुरुवार शाम या रात के समय से सड़क किनारे खड़ी देखी गई थी।

स्थानीय लोगों की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया तो वह पारा थाना क्षेत्र में मिला। कार अंदर से लॉक थी, इसलिए पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए शीशा तोड़ा और शव को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करीब 24 घंटे तक कार में बंद रहने की वजह से शव फूल गया था।

शुरुआती जांच में शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं मिली है, लेकिन उनकी नाक से खून बह रहा था और कपड़ों के सीने वाले हिस्से पर भी खून के निशान मिले हैं। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि दारोगा कल से ड्यूटी पर नहीं थे और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पता चलेगी। पारा थाने के इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, पहली नजर में यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है। कुछ रिपोर्टों में कार से शराब की बोतलें मिलने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।