Lucknow में कार के अंदर मिला दरोगा अजय सिंह का शव, हापुड़ पहुंचते ही मचा कोहराम
Lucknow/Hapur: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात 34 वर्षीय उपनिरीक्षक अजय सिंह का शव उनकी सेंट्रो कार में संदिग्ध हालत में मिला है. लगभग 24 घंटे तक कार में बंद रहने के कारण उनका शव फूल गया था, जिससे मौके पर पहुंची पुलिस भी
Lucknow/Hapur: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात 34 वर्षीय उपनिरीक्षक अजय सिंह का शव उनकी सेंट्रो कार में संदिग्ध हालत में मिला है. लगभग 24 घंटे तक कार में बंद रहने के कारण उनका शव फूल गया था, जिससे मौके पर पहुंची पुलिस भी हैरान रह गई. शव हापुड़ स्थित उनके घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया है.
घटनाक्रम के मुताबिक, अजय सिंह की कार गुरुवार शाम 6 बजे से लखनऊ के मोहन रोड स्थित अर्श अस्पताल के सामने खड़ी थी. शुक्रवार दोपहर तक जब कार वहां से नहीं हटी और अंदर एक व्यक्ति अचेत दिखा, तब पुलिस को सूचना दी गई. पारा पुलिस ने वीडियोग्राफी कराने के बाद कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. गाजीपुर पुलिस गुरुवार दोपहर से ही उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन फोन नहीं लग रहा था.
पुलिस के मुताबिक अजय सिंह के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उनके नाक, मुंह और सीने से खून निकला हुआ था. इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ होगी. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वह आखिरी बार किसके साथ थे.
अजय सिंह मूल रूप से हापुड़ की इंद्रगढ़ी कॉलोनी के रहने वाले थे और लखनऊ के पारा इलाके में किराए के मकान में रहते थे. उनके परिवार में पत्नी कोमल और दो बेटियां हैं, जो पिछले कुछ समय से हापुड़ में ही रह रही थीं. शनिवार को जब उनका शव हापुड़ पहुंचा तो पूरी कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई. उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है.