Lucknow में शिक्षकों की कमी पर भड़के छात्र, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन; मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा
Lucknow: राजधानी के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय स्कूल के छात्रों ने स्कूल और एक्सिलेंस कोचिंग में टीचर नहीं होने के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध जताया। छात्रों ने बुद्धेश्वर चौराहे के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाली
Lucknow: राजधानी के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय स्कूल के छात्रों ने स्कूल और एक्सिलेंस कोचिंग में टीचर नहीं होने के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध जताया। छात्रों ने बुद्धेश्वर चौराहे के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक ट्रैफिक रुका रहा।
प्रदर्शन की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात की और भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की कमी की समस्या को जल्द सुलझा लिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि कुछ शिक्षक अदालती मामलों की वजह से अपना पदभार नहीं संभाल पाए हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि 17 अगस्त 2026 को इस मामले की अगली सुनवाई है और सरकार अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
मौके पर पारा पुलिस निरीक्षक सुरेश सिंह और एसीपी काकोरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर वापस स्कूल परिसर में भेजा। स्कूल प्रशासन ने भी छात्रों की मांगों को सही बताया, लेकिन सड़क जाम करने को गलत कहा।
छात्रों ने केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि हॉस्टल में मिलने वाले खराब खाने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। बता दें कि मई 2026 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की नई तैनाती की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जबकि सरकार ने मार्च 2025 में विधानसभा में शिक्षकों की कमी न होने की बात कही थी।