Lucknow के इको गार्डन में छात्रों का प्रदर्शन, भर्ती सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर जुटे हजारों युवा

Lucknow: राजधानी के इको गार्डन में रविवार को शिक्षा सुधार और निष्पक्ष भर्ती की मांग को लेकर ‘इंडिविजुअल सत्याग्रह 2.0’ का समापन हुआ। दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुई यह पदयात्रा लखनऊ पहुंची, जहां बड़ी संख्या म

Lucknow: राजधानी के इको गार्डन में रविवार को शिक्षा सुधार और निष्पक्ष भर्ती की मांग को लेकर ‘इंडिविजुअल सत्याग्रह 2.0’ का समापन हुआ। दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुई यह पदयात्रा लखनऊ पहुंची, जहां बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और युवाओं के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने किया, जिसके संस्थापक अभिजीत दीपके हैं। उनके मुताबिक यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, जिसके तहत पहले दिल्ली और पुणे में भी प्रदर्शन हुए थे। लखनऊ में मौजूद छात्रों ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं के स्कोरकार्ड जारी किए जाएं ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने पेपर लीक जैसी समस्याओं को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपायों की मांग की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, इस प्रदर्शन की अनुमति शिक्षक विवेक कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मिली थी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि अनुमति सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक की थी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इको गार्डन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इको गार्डन में 8,500 से ज्यादा छात्र जमा हुए थे। इस दौरान CJP की टीमों ने 6,000 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर लिए, जिन्हें एक राष्ट्रीय याचिका में जोड़ा जाएगा। पुलिस हिरासत से छूटने के बाद जब शिक्षक विवेक कुमार धरना स्थल पर पहुंचे, तो छात्रों में काफी उत्साह देखा गया। CJP ने ऐलान किया है कि लखनऊ के बाद अब यह शांतिपूर्ण आंदोलन अमृतसर और फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी रहेगा।