Lucknow में मासूम पर कुत्तों का हमला, पार्क में खेलते समय बच्चे को बुरी तरह नोचा
Lucknow: राजधानी के कुर्सी रोड इलाके में स्थित सृष्टि अपार्टमेंट के पार्क में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहाँ खेल रहे 7 साल के मासूम सिद्धांत सिंह पर तीन आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। शोर सुनकर मौ
Lucknow: राजधानी के कुर्सी रोड इलाके में स्थित सृष्टि अपार्टमेंट के पार्क में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहाँ खेल रहे 7 साल के मासूम सिद्धांत सिंह पर तीन आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुँचे लोगों ने डंडे से कुत्तों को भगाकर बच्चे की जान बचाई।
घटना बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे की है जब सिद्धांत अपने दो दोस्तों के साथ पार्क में खेल रहा था। कुत्तों ने बच्चे की कमर पर पांच जगह बुरी तरह काटा, जिससे काफी खून बहने लगा। पास ही मौजूद कुछ बड़े बच्चों और एक पड़ोसी महिला ने हिम्मत दिखाई और कुत्तों को खदेड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज हुआ और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
बच्चे के पिता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले एक साल में सृष्टि अपार्टमेंट में कुत्तों के हमले की यह चौथी घटना है। उनके मुताबिक, ये कुत्ते खासकर बच्चों को ही निशाना बना रहे हैं। दो महीने पहले भी इसी पार्क में एक बच्चे को कुत्ते ने काटा था, जिसके बाद नगर निगम की टीम आई थी और कुत्तों को पकड़ा था, लेकिन इस बार समस्या फिर से खड़ी हो गई है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन उन्हें हमलावर कुत्ते नहीं मिले और वे खाली हाथ लौट आए। महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि कुत्तों को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है और नगर निगम की कार्रवाई केवल कुत्तों को पकड़ने तक ही सीमित दिख रही है।
इस हमले के बाद 7 साल का सिद्धांत बुरी तरह सहम गया है और अब वह पार्क में जाने से डर रहा है। स्थानीय निवासियों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है क्योंकि समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।