Lucknow में जमीन विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की, आरोपी फरार
Lucknow: लखनऊ के महिंगवां इलाके में पैतृक जमीन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। यह घटना शुक्रवार शाम को अतरौरा गांव में हुई, जहां मामूली बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने पिता पर हम
Lucknow: लखनऊ के महिंगवां इलाके में पैतृक जमीन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। यह घटना शुक्रवार शाम को अतरौरा गांव में हुई, जहां मामूली बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने पिता पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 65 वर्षीय रामकुमार यादव के रूप में हुई है। उनके बड़े बेटे महेंद्र यादव (विनोद कुमार) और पिता के बीच पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बहस के दौरान महेंद्र ने अपने पिता पर कुदाल से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल रामकुमार यादव को पहले बकाइनगंज के रामसागर मिश्रा सौ सैय्या अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटा महेंद्र यादव मौके से फरार हो गया।
मृतक की बेटी मालती देवी की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि रामकुमार ने अपनी पुश्तैनी जमीन दोनों बेटों में बांट दी थी, लेकिन उन्होंने तीन बीघा जमीन अलग से खरीदी थी। पिछले दो साल से महेंद्र इस जमीन पर बटाई पर खेती कर रहा था, लेकिन वह अपने पिता को हिस्सा नहीं दे रहा था। जब रामकुमार ने वह जमीन वापस लेकर खुद खेती करने का फैसला किया, तो दोनों के बीच तनाव बढ़ गया और इस खूनी संघर्ष का अंत हुआ।