Lucknow में बंद कार में मिले दरोगा अजय की मौत का रहस्य नहीं खुला, विसरा जांच के लिए भेजा गया

Lucknow: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद भी डॉक्टरों को मौत की सही वजह पता नहीं चल सकी, जिसके बाद अब उनके दिल और विसरा को फॉ

Lucknow: लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद भी डॉक्टरों को मौत की सही वजह पता नहीं चल सकी, जिसके बाद अब उनके दिल और विसरा को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।

दरोगा अजय कुमार 2020 बैच के उपनिरीक्षक थे और सर्वोदय नगर पुलिस चौकी पर तैनात थे। वह मूल रूप से हापुड़ जिले के रहने वाले थे। उनका शव शुक्रवार को पारा थाना क्षेत्र के मोहन रोड स्थित G-2 मॉल और अर्श अस्पताल के पास एक बंद सेंट्रो कार में मिला था।

जानकारी के मुताबिक, अजय कुमार गुरुवार दोपहर से ही अपने साथियों के संपर्क से बाहर थे। जब उनकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, तब पुलिस उन्हें उस कार में ढूंढ पाई। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने वीडियोग्राफी कराने के बाद शीशा तोड़कर खोला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले थे, लेकिन उनकी नाक से खून बह रहा था। वहीं, कुछ सूत्रों ने बताया कि कार की पैसेंजर सीट के नीचे शराब की बोतलें भी मिली हैं। अर्श अस्पताल के CCTV फुटेज में उनकी कार गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे झटके के साथ रुकती हुई दिखाई दी थी।

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। अजय कुमार अपने पीछे पत्नी कोमल और दो छोटे बच्चे अथर और अदविक को छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है, जो उन्हें हापुड़ ले गए हैं।