Lucknow में सड़क हादसे में युवक की मौत, शहीद पथ पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शहीद पथ पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 27 वर्षीय शुभम चौधरी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी जान चली गई. हादसा इतना भीषण था कि शु
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शहीद पथ पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 27 वर्षीय शुभम चौधरी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी जान चली गई. हादसा इतना भीषण था कि शुभम काफी देर तक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े रहे, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी.
जानकारी के मुताबिक, शुभम चौधरी गोमतीनगर विश्वास खंड के रहने वाले थे और PWD में नौकरी करते थे. रविवार, 5 जुलाई को वह वृन्दावन योजना में अपने एक अधिकारी के घर गए थे. वहां से वापस आते समय एक ढाबे पर उनका मोबाइल चोरी हो गया था, जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई थी. थाने से रिपोर्ट लिखवाकर जब वह देर रात घर लौट रहे थे, तभी शहीद पथ पर पीछे से एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम उछलकर सीधे सिर के बल सड़क पर गिर गए.
सोमवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तब उन्होंने सड़क पर घायल युवक को देखा और तुरंत पुलिस को खबर दी. सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बाइक के नंबर से शुभम की पहचान की और उनके परिवार को सूचित किया. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाली गाड़ी की तलाश की जा रही है. इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.