Lucknow को तोहफ़ा, शहीद पथ पर बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर, एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक सफर होगा आसान
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक की समस्या को खत्म करने के लिए शहीद पथ पर एक नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री निति
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक की समस्या को खत्म करने के लिए शहीद पथ पर एक नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं।
यह पूरा प्रोजेक्ट रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्ताव पर शुरू किया जा रहा है। यह कॉरिडोर लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर आउटर रिंग रोड (कमता चौराहा) तक बनेगा, जिसकी कुल लंबाई लगभग 23 किलोमीटर होगी। नितिन गडकरी ने कहा कि कोशिश रहेगी कि इस साल दिसंबर तक इसका भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए।
इस कॉरिडोर के बनने से हवाई अड्डे, इकाना स्टेडियम, सुल्तानपुर रोड और लुलु मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। यह एक तीन-लेयर एलिवेटेड फ्लाईओवर होगा, जिससे यात्रा सिग्नल-फ्री हो जाएगी। राजनाथ सिंह ने इस कॉरिडोर पर मेट्रो चलाने का भी सुझाव दिया है, जिसे मंजूरी मिल गई है। अगर ऐसा होता है, तो लखनऊ उत्तर प्रदेश का पहला शहर बन जाएगा जहां डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगा।
इस प्रोजेक्ट की तैयारी NHAI, PWD, लखनऊ मेट्रो और LDA जैसे विभाग मिलकर करेंगे। सोमवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4,850 करोड़ रुपये से ज्यादा की तीन नेशनल हाईवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
लखनऊ के अलावा राज्य में अन्य कई सड़क प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी मिली है, जिनमें लखनऊ-सीतापुर छह-लेन हाईवे, किसान पथ पर सर्विस रोड, अयोध्या-गोंडा बाईपास और दादरी-लाल कुआं एलिवेटेड रोड शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य अगले दो साल में यूपी में करीब 5 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे करना है।