Lucknow में शहीद पथ हादसे का आरोपी गिरफ्तार, नशे में तेज रफ्तार कार चला रहा था चालक
Lucknow: राजधानी के शहीद पथ पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। PGI पुलिस ने उस कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी लापरवाही की वजह से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। आरोपी नशे की हालत में
Lucknow: राजधानी के शहीद पथ पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। PGI पुलिस ने उस कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी लापरवाही की वजह से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। आरोपी नशे की हालत में तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-300 कार चला रहा था।
यह हादसा 29 या 30 जुलाई की रात को हुआ था। इस सड़क दुर्घटना में कानपुर के रहने वाले 35 साल के अपूर्व ओमर की मौके पर ही मौत हो गई थी। अपूर्व अमौसी एयरपोर्ट पर बैगेज स्क्रीनिंग का काम करते थे। उनके साथ उनके सहकर्मी हिमांशु कुमार भी थे, जो औरैया के मूल निवासी हैं और वर्तमान में वृंदावन योजना सेक्टर-13 में रहते हैं। हादसे के वक्त हिमांशु अपनी अपाचे मोटरसाइकिल पर थे और अपूर्व अपनी स्कूटी पर थे। अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और अपूर्व की जान चली गई।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए 26 जुलाई से 31 जुलाई के बीच रात 9:30 बजे से 12:00 बजे तक एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 1359 वाहनों का चालान हुआ और 41 गाड़ियों को सीज किया गया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।