Lucknow में सड़क हादसे में 2 की मौत, ट्रक में घुसी DCM, गैस कटर से निकाला गया शव

Lucknow/Sarojininagar : राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में किसान पथ पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक तेज रफ्तार DCM ट्रक आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराया, जिसमें DCM के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ह

Lucknow/Sarojininagar : राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में किसान पथ पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक तेज रफ्तार DCM ट्रक आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराया, जिसमें DCM के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे गहरू अंडरपास के पास पिपरसंद गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक खराब DCM खड़ी थी, जिसे देखकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए। इसी वजह से पीछे से आ रही तेज रफ्तार DCM सीधे ट्रक में जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। DCM का केबिन इतना ज्यादा पिचक गया था कि अंदर फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो गया था। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर ड्राइवर और कंडक्टर के शवों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान शैलेंद्र (39 वर्ष) और राजा भैया (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मृतक जालौन जिले के कुठाऊंड थाना क्षेत्र के बरीआरपुर गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने ई-चालान ऐप के जरिए DCM मालिक गौरव शुक्ला की पहचान की, जो जालौन के उरई के निवासी हैं।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सड़क पर फंसे वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर ट्रैफिक को दोबारा चालू कराया गया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।