Lucknow में पानी के छींटे पड़ने पर विवाद, बाइक सवार और उसके भाइयों की बेरहमी से पिटाई

Lucknow: राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में बुधवार सुबह एक मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। स्कूटर इंडिया चौराहे पर बरसात के पानी के छींटे पड़ने की वजह से ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने एक बाइक सवार युवक और उसके भाइयों पर ह

Lucknow: राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में बुधवार सुबह एक मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। स्कूटर इंडिया चौराहे पर बरसात के पानी के छींटे पड़ने की वजह से ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने एक बाइक सवार युवक और उसके भाइयों पर हमला कर दिया। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 22 जुलाई की सुबह मक्काखेड़ा निवासी अजय यादव अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर इंडिया चौराहे पर पानी के छींटे पड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि अरुण, विशाल और शिवम समेत कुछ अन्य लोगों ने अजय की बाइक रोक ली और विरोध करने पर उन पर लाठी-डंडों और रिंच से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब अजय के भाई अभिषेक और संस्कार उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट की।

इस हमले में अजय के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अभिषेक और संस्कार के सिर में चोट लगी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद विकास यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

सरोजनीनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूटर इंडिया चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी कम रहती है, जिसकी वजह से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के बीच अक्सर विवाद और अव्यवस्था बनी रहती है, जिससे आम राहगीरों को परेशानी होती है।