Lucknow में सैरपुर हत्याकांड का खुलासा, एक और आरोपी सावन निषाद गिरफ्तार, बाइक बरामद

Lucknow: लखनऊ के सैरपुर इलाके में हुए राज उर्फ मोनू हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शनिवार, 15 अगस्त 2026 को इस मामले के फरार आरोपी सावन निषाद (21) को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सैरपुर प

Lucknow: लखनऊ के सैरपुर इलाके में हुए राज उर्फ मोनू हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शनिवार, 15 अगस्त 2026 को इस मामले के फरार आरोपी सावन निषाद (21) को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सैरपुर पुलिस और डीसीपी उत्तरी की सर्विलांस टीम ने मिलकर की। पुलिस ने सावन की निशानदेही पर उस हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक को भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल हत्या के दौरान किया गया था।

पुलिस के मुताबिक यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश की वजह से अंजाम दी गई थी। आरोपी सावन से पहले इस मामले में पांच अन्य लोगों को पकड़ा जा चुका है। 13 अगस्त को अजीत, अंशू, विवेक और हंसराज को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 14 अगस्त को विजय निषाद को पुलिस ने दबोचा था।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी बीकेटी विकास पांडेय और सैरपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार कोरी ने बताया कि आरोपियों ने राज को समझौते के बहाने बंसीघड़ी के एक बाग में बुलाया था। वहां पहले सबने मिलकर शराब पी और फिर विजय ने रस्सी से राज का गला दबा दिया। बाकी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को बाइक से ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया था।

बता दें कि बीरमपुर गांव का रहने वाला 27 साल का राज 8 अगस्त की रात से लापता था। उसके पिता कुंज बिहारी ने 9 अगस्त को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अब तक मृतक का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और कुछ नमूना मिट्टी भी बरामद कर चुकी है।