Lucknow में RSS कार्यालय की सुरक्षा बढ़ी, रांची में पकड़े गए आतंकियों ने किया था हमले का खुलासा
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय ‘भारती भवन’ की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यह फैसला रांची में पकड़े गए आतंकियों के उस खुलासे के बाद लिया गया है, जिसमें उन्हों
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय ‘भारती भवन’ की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यह फैसला रांची में पकड़े गए आतंकियों के उस खुलासे के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने लखनऊ और कानपुर के संघ कार्यालयों को अपने निशाने पर लेने की बात कही थी। पुलिस अब हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच कर रही है।
मामला तब शुरू हुआ जब रांची पुलिस ने 17 जून को संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के बाद अमन अंसारी उर्फ गोलू और सैफ अंसारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इन आतंकियों ने बताया कि उनके पाकिस्तानी हैंडलर दुबई में बैठे हैं, जिनका नाम शहबाज आलम उर्फ भट्टी और आवेश उर्फ राणा है। इन हैंडलरों ने वीडियो कॉल के जरिए लखनऊ और कानपुर के RSS कार्यालयों की तस्वीरें और लोकेशन भेजी थीं और आरोपियों को रांची हमले के बाद ट्रेन से वहां जाने का निर्देश दिया था।
इस खतरे की जानकारी मिलते ही लखनऊ पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि रांची पुलिस से मिले इनपुट के बाद सभी संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश कुमार दीक्षित और उनकी टीम ने भारती भवन पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों और आगंतुक रजिस्टर की जांच की है। अब कार्यालय में मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है और हर व्यक्ति की गहन जांच हो रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि लोहरदगा का अहमद अली इस साजिश में शामिल था, जिसने अमन का फोन नंबर पाकिस्तानी हैंडलरों को दिया था। पुलिस अब अहमद अली की पूरी भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों में यूपी के अलग-अलग जिलों से 15 ऐसे संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर शहबाज आलम के संपर्क में थे। लखनऊ पुलिस का कहना है कि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।