Lucknow में ओवरटेक के चक्कर में रोडवेज बस ने स्कूटी सवार को रौंदा, मौत के बाद 3 घंटे तक जाम
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हरदोई रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां कैसरबाग डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में स्कूटी सवार मोहम्मद मलिक को कुचल दिया। इस हादसे में मोहम्मद मलिक की मौके प
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हरदोई रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां कैसरबाग डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में स्कूटी सवार मोहम्मद मलिक को कुचल दिया। इस हादसे में मोहम्मद मलिक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में काफी तनाव फैल गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मृतक मोहम्मद मलिक की उम्र 27 साल थी और वह काकोरी के कटरा बाजार के रहने वाले थे। वह अलीगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में लैब सहायक के तौर पर काम करते थे और अविवाहित थे। हादसा दुर्गागंज के पास यूनिक स्कूल के पास हुआ। बस का नंबर UP78KN0465 है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की चपेट में आने से मोहम्मद मलिक की जान चली गई, जबकि एक पिकअप डाला चालक अनिल यादव और बाइक सवार धर्मेश चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। सपा यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष सालिम के नेतृत्व में लोगों ने शव को सड़क पर रखकर हरदोई रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसीपी काकोरी शकील अहमद और तहसीलदार सदर जय प्रकाश सिंह ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब साढ़े तीन घंटे में जाम खुला और यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है, लेकिन बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नौबस्ता रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की वजह से सड़क की एक ही लेन चालू है, जिससे ट्रैफिक की समस्या रहती है और यह भी हादसे की एक बड़ी वजह बनी।