Lucknow में रजिस्ट्री के 10 साल बाद भी नहीं मिला प्लॉट, रिटायर्ड फौजी के साथ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
Lucknow: राजधानी के गोसाईंगंज इलाके में एक रिटायर्ड सेना के जवान के साथ जमीन खरीद में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने 10 साल पहले प्लॉट की रजिस्ट्री कराई थी, लेकिन जब कब्जा लेने पहुंचे तो वहां प्लॉट ही गाय
Lucknow: राजधानी के गोसाईंगंज इलाके में एक रिटायर्ड सेना के जवान के साथ जमीन खरीद में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने 10 साल पहले प्लॉट की रजिस्ट्री कराई थी, लेकिन जब कब्जा लेने पहुंचे तो वहां प्लॉट ही गायब था। अब अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतरौली गांव के रहने वाले रिटायर्ड जवान शिवसरन ने साल 2015 में गोसाईंगंज के कोरियानी गांव स्थित संस्कार सिटी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में एक प्लॉट खरीदा था। यह प्लॉट खसरा संख्या 117 का प्लॉट संख्या 58 था। शिवसरन ने बताया कि 10 अगस्त 2025 को जब उन्होंने अपने प्लॉट पर कब्जा लेने की कोशिश की, तो उन्हें पता चला कि वहां न तो प्लॉटिंग साइट है और न ही उनका प्लॉट।
इस मामले में मुख्य आरोपी गोमती नगर के विकास खंड का निवासी और रियल एस्टेट कारोबारी घनश्याम यादव है। पीड़ित का आरोप है कि उनके अलावा अमेठी पूला के संजू सिंह और बिजनौर के रामकुमार सिंह के साथ भी घनश्याम यादव ने इसी तरह की धोखाधड़ी की है।
शुरुआत में गोसाईंगंज पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया था, जिसके बाद पीड़ित को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। गोसाईंगंज इंस्पेक्टर डी.के. सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।