Lucknow में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, फायरिंग में 10 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर
Lucknow: राजधानी के रहीमाबाद इलाके में 4 बीघा जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बुधवार को गोपालपुर गांव में हुए इस विवाद में लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई, जिसमें दोनों तरफ से कुल 10 लोग घायल हुए
Lucknow: राजधानी के रहीमाबाद इलाके में 4 बीघा जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बुधवार को गोपालपुर गांव में हुए इस विवाद में लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई, जिसमें दोनों तरफ से कुल 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से दो लोगों की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर के घनश्याम और लोधई गांव के हरगोविंद व उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा था। इसी बीच श्यामकली ने यह जमीन जानकीखेड़ा के अनिल यादव को बेच दी थी। बुधवार दोपहर जब अनिल यादव अपने साथियों राम सिंह और कुलदीप के साथ ट्रैक्टर लेकर जमीन जोतने पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद घनश्याम यादव और उनके परिवार के लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने तीन से चार राउंड फायरिंग भी की। इस संघर्ष में घनश्याम के पक्ष से कुसमा, सावित्री, योगेश, सरोज और हिमांशु घायल हुए, वहीं दूसरे पक्ष से कुलदीप, राम सिंह और अनिल यादव चोटिल हुए। गंभीर रूप से घायल कुसमा और अनिल को डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर किया है।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ट्विंकल जैन और रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। हालांकि, मलिहाबाद सीएचसी के डॉक्टर अशोक कुमार ने किसी को गोली लगने की पुष्टि नहीं की है, जबकि गांव में ऐसी चर्चाएं तेज हैं।
पुलिस ने घनश्याम की बेटी की शिकायत पर तीन नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।